एमसीबी/भरतपुर
भखार न्यूज नेटवर्क: मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर(एमसीबी) जिले के भरतपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कुवारी में निर्माण कार्यों में मजदूरी करने वाले श्रमिकों ने अपनी बकाया मजदूरी का भुगतान नहीं होने का आरोप लगाते हुए आज दिनांक 13-08-2026 को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, भरतपुर के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल भुगतान कराने की मांग की है। मजदूरों का कहना है कि मेहनत से काम करने के बावजूद उन्हें महीनों से अपनी मजदूरी के लिए भटकना पड़ रहा है।

मजदूरों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार, ग्राम पंचायत कुवारी के वार्ड नंबर 07 में सीसी रोड एवं पुल निर्माण तथा वार्ड नंबर 12 में कप निर्माण कार्य में मजदूरों ने काम किया था। इन कार्यों की मजदूरी का भुगतान ग्राम पंचायत के सरपंच/सचिव द्वारा करीब तीन माह से नहीं किए जाने की बात ज्ञापन में कही गई है।
वहीं, एक अन्य ज्ञापन में मजदूरों ने बताया कि उन्होंने एकलव्य विद्यालय भरतपुर भवन निर्माण कार्य में मजदूरी की है। मजदूरों के मुताबिक भवन निर्माण का कार्य लगातार चल रहा है, लेकिन उन्हें उनके काम की मजदूरी का भुगतान करीब एक वर्ष से नहीं किया गया है।

मजदूरी मांगने पर कथित तौर पर मिला टालने वाला जवाब
मजदूरों ने आरोप लगाया कि जब वे अपनी मजदूरी की राशि मांगने सरपंच और सचिव के पास जाते हैं तो कथित तौर पर उन्हें यह जवाब दिया जाता है कि
“जहां शिकायत करना है, कर दीजिए।”
मजदूरों का कहना है कि इससे वे काफी परेशान हैं और परिवार चलाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन से भुगतान की गुहार
मजदूरों ने एसडीएम भरतपुर से पूरे मामले में हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए कहा है कि संबंधित निर्माण कार्यों की जांच कराकर उनकी लंबित मजदूरी का भुगतान जल्द से जल्द कराया जाए।
ज्ञापन में मजदूरों ने अपनी मेहनत की राशि दिलाने की गुहार लगाई है। दोनों ज्ञापन 13 अगस्त 2026 को प्रस्तुत किए गए हैं। अब मजदूरों की शिकायत पर प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और बकाया मजदूरी का भुगतान कब तक होता है, यह देखने वाली बात होगी।