कोटाडोल/छत्तीसगढ़
आईजी दीपक कुमार झा के विशेष अभियान के तहत कार्रवाई, बैकुण्ठपुर न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट की हुई तामीली
भखार न्यूज नेटवर्क: सरगुजा रेंज पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के विशेष अभियान के तहत फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़ में कोटाडोल पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में जारी गिरफ्तारी वारंट की तामीली करते हुए वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के निर्देश पर फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी तथा लंबित न्यायालयीन वारंटों की तामीली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह (IPS) के निर्देशन एवं एसडीओपी भरतपुर अरविंद किशोर खलखो के मार्गदर्शन में कोटाडोल पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान अमीर सिंह उर्फ पिंटू, पिता रामपति सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी सरई, थाना सरई, जिला सिंगरौली (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के प्रकरण में विशेष न्यायाधीश, एनडीपीएस एक्ट, बैकुण्ठपुर, जिला कोरिया द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
कोटाडोल पुलिस ने वारंटी की पतासाजी कर दिनांक 27 नवंबर 2026 को उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी में पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित सहायक उप निरीक्षक नईम खान, आरक्षक क्रमांक 222 शाहबाज अंसारी एवं डीएसएफ आरक्षक रामदेव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला पुलिस एमसीबी द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लंबित न्यायालयीन वारंटों की तामीली के लिए अभियान लगातार जारी है।