एमसीबी /छत्तीसगढ़
भखार न्यूज नेटवर्क: मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले के विकासखण्ड भरतपुर में धान खरीदी के दौरान अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा चेकपोस्ट और बैरियर पर ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन अब कलेक्टर कार्यालय से जारी ड्यूटी सूची ही सवालों के घेरे में आ गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, धान चेकपोस्ट ड्यूटी सूची में गंभीर अनियमितताओं की बात सामने आ रही है।

बताया जा रहा है कि जारी ड्यूटी सूची में दो मृत व्यक्ति का नाम भी शामिल कर दिया गया है। वहीं, घोड़घरा बैरियर पर एक सरपंच की ड्यूटी लगाए जाने वही रिटायरमेंट सचिव की नेउर में ड्यूटी.? लगाने की जानकारी सामने आई है। राम पाल, ग्राम कोटवार माडीसराई की ड्यूटी घुघरी में तथा राजेश कुमार, ग्राम कोटवार पंडरी का नाम भी शामिल बताया जा रहा है।
इस पूरे मामले ने ड्यूटी सूची तैयार करने और उसके सत्यापन की प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर ड्यूटी सूची किसने तैयार की? क्या सूची जारी करने से पहले संबंधित व्यक्तियों की जानकारी और पदस्थापना का सत्यापन किया गया था? यदि सत्यापन हुआ था तो मृत व्यक्ति का नाम ड्यूटी सूची में कैसे शामिल हो गया?

धान के अवैध परिवहन पर रोक लगाने निकला प्रशासन अब अपनी ही ड्यूटी सूची को लेकर सवालों के घेरे में है। मामले की निष्पक्ष जांच कर सूची तैयार करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने की मांग उठ रही है।

अब बड़ा सवाल यह है कि प्रशासन इस कथित गड़बड़ी की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करेगा या फिर मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा?