सरकारी मंच पर ‘कमल’ का प्रचार? मितानिन सम्मान समारोह में झोला विवाद, गुलाब कमरो ने CMHO को घेरा!


भखार न्यूज नेटवर्क: मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में मितानिन दिवस के अवसर पर आयोजित शासकीय सम्मान समारोह अब राजनीतिक विवाद में घिरता नजर आ रहा है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित मितानिन दीदियों के सम्मान कार्यक्रम में भाजपा के चुनाव चिह्न कमल के फूल वाला झोला वितरित किए जाने को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने इस मामले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि क्या सरकारी अधिकारी अब राजनीतिक दलों के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं?

सरकारी मंच पर ‘कमल’ का प्रचार? मितानिन सम्मान समारोह में झोला विवाद, गुलाब कमरो ने CMHO को घेरा!

 

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने सवाल उठाया कि जब कार्यक्रम पूरी तरह शासकीय था और आयोजन स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा किया गया था, तो मितानिन दीदियों को भाजपा के चुनाव चिह्न वाला झोला वितरित करने की जरूरत आखिर क्यों पड़ी? क्या सरकारी कार्यक्रमों में राजनीतिक दलों के प्रतीक चिह्नों का इस्तेमाल कर प्रचार किया जाएगा?

कमरो ने कहा कि शासकीय कार्यक्रम किसी राजनीतिक दल का मंच नहीं होता, बल्कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य जनता और हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा सेवा करने वाले लोगों का सम्मान करना होता है। सरकारी आयोजन में किसी राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न का इस्तेमाल गंभीर सवाल खड़े करता है और इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

WhatsApp Group Join Now
Instagram Group Join Now

उन्होंने CMHO की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर सरकारी कार्यक्रम में कमल के फूल वाला झोला बांटने की अनुमति किसने दी? क्या विभागीय अधिकारियों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि शासकीय आयोजन में राजनीतिक चुनाव चिह्न का इस्तेमाल विवाद का कारण बन सकता है?

अब सवाल यह है कि सरकारी कार्यक्रम में भाजपा के चुनाव चिह्न वाला झोला पहुंचा कैसे, किसके निर्देश पर वितरित किया गया और इस पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी? मामले को लेकर अब निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग उठ रही है।


Avatar

Phone: 919424248344 Email: contact.bhakarnews@gmail.com

Leave a Comment