“जिन्होंने MCB जिला बनाने लाठियां खाईं, वही कार्यक्रम से गायब! कलेक्टर कार्यालय शुभारंभ पर गुलाब कमरो का बड़ा सवाल”


मनेंद्रगढ़/छत्तीसगढ़ 

भखार न्यूज नेटवर्क: मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर (एमसीबी)जिले में कलेक्टर कार्यालय भवन के निर्माण कार्य के शुभारंभ को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने प्रशासन की तैयारियों और प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं। कमरो का कहना है कि इतने महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए न तो उचित प्रोटोकॉल तैयार किया गया और न ही आमंत्रण पत्र जारी किए गए।

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में क्षेत्र के सांसद, जनप्रतिनिधियों और उन सम्मानित नागरिकों को भी आमंत्रित नहीं किया गया, जिन्होंने MCB जिला निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन किए, लाठियां खाईं और जेल तक गए। उन्होंने कहा कि जिले का निर्माण क्षेत्र की जनता के लंबे संघर्ष और जनभावनाओं का परिणाम है, ऐसे में जिले के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में संघर्ष से जुड़े लोगों को सम्मान मिलना चाहिए था।

गुलाब कमरो ने यह भी कहा कि उन्होंने क्षेत्रवासियों की मांग और जनभावनाओं को देखते हुए कई बार पत्र लिखकर कलेक्टर कार्यालय के लिए ऐसी जगह का सुझाव दिया था, जो जनकपुर, कोटाडोल और भरतपुर जैसे दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के लोगों के लिए सुगम हो और राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप स्थित हो। उनका आरोप है कि इन सुझावों और जनभावनाओं की अनदेखी करते हुए जल्दबाजी में निर्णय लिया गया।

उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से सवाल किया कि आखिर इतनी हड़बड़ी क्यों? जब पर्याप्त तैयारी, जनप्रतिनिधियों से चर्चा और जनता की भागीदारी सुनिश्चित नहीं की गई, तो ऐसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आनन-फानन में शुभारंभ क्यों किया जा रहा है?

WhatsApp Group Join Now
Instagram Group Join Now

कमरो ने कहा कि MCB जिला यहां की जनता के संघर्ष और भावनाओं से अस्तित्व में आया है। ऐसे में जिले से जुड़े ऐतिहासिक कार्यक्रमों में लोकतांत्रिक परंपराओं, जनप्रतिनिधियों और संघर्ष में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया जाना जरूरी है।

पूर्व विधायक के इन सवालों के बाद अब कलेक्टर कार्यालय भवन के शुभारंभ कार्यक्रम की प्रक्रिया और तैयारियों को लेकर प्रशासन की ओर से क्या जवाब सामने आता है, इस पर नजर रहेगी।


Avatar

Phone: 919424248344 Email: contact.bhakarnews@gmail.com

Leave a Comment