गैस पाइपलाइन ने मनेन्द्रगढ़ को बना दिया ‘गड्ढों का शहर’! सड़कें उखड़ीं, जलापूर्ति चरमराई… कांग्रेस का 15 दिन का अल्टीमेटम


मनेन्द्रगढ़/छत्तीसगढ़

भखार न्यूज नेटवर्क: (एमसीबी)। गैस पाइपलाइन बिछाने के नाम पर मनेन्द्रगढ़ शहर की सड़कें बदहाल होती जा रही हैं। शहरभर में खुदाई के बाद छोड़े गए गहरे गड्ढे, कीचड़ और अधूरी मरम्मत लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। वहीं बार-बार पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से कई वार्डों में जलापूर्ति भी प्रभावित हो रही है। इस पूरे मामले को लेकर एमसीबी जिला कांग्रेस प्रवक्ता एवं वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद स्वप्निल सिन्हा ने गैस पाइपलाइन कंपनी और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने 15 दिनों के भीतर सड़क मरम्मत, सुरक्षित बैरिकेडिंग और सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आम नागरिकों के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन करेगी।
गैस पाइपलाइन ने मनेन्द्रगढ़ को बना दिया ‘गड्ढों का शहर’!
स्वप्निल सिन्हा का आरोप है कि पिछले छह महीनों से शहर की सड़कें खुदाई के बाद बदहाल स्थिति में छोड़ दी गई हैं। कई स्थानों पर केवल औपचारिक बैरिकेडिंग की गई है, जबकि बरसात के कारण गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। उन्होंने यह भी दावा किया कि निर्माण कार्य के दौरान पेयजल पाइपलाइन को बार-बार नुकसान पहुंचने से नागरिकों को पानी की समस्या झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने जिला प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें आवागमन योग्य बनाया जाए, निर्माण स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए तथा जलापूर्ति व्यवस्था को प्रभावित होने से बचाने के लिए प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस जनहित में आंदोलन करेगी

Avatar

Phone: 919424248344 Email: contact.bhakarnews@gmail.com

Leave a Comment