मनेंद्रगढ़
भखार न्यूज नेटवर्क: नगर के ग्राम देवता श्री सिद्ध बाबा सरकार के नवनिर्मित भव्य मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विधिवत संपन्न हो गया। इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

महोत्सव में पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में उन्हें मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ करने का सौभाग्य मिला था और आज बाबा की कृपा से यह भव्य मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के साथ जन-जन की आस्था का केंद्र बन गया है।

पूर्व विधायक ने कहा कि यह केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति, सामाजिक समरसता और एकता का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने मंदिर निर्माण में योगदान देने वाले सभी दानदाताओं, श्री सिद्ध बाबा सेवा समिति के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के समर्पण की सराहना की।

उन्होंने श्री सिद्ध बाबा सेवा समिति के प्रथम अध्यक्ष स्वर्गीय मनोज कक्कड़ को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका सपना आज साकार हुआ है। साथ ही वर्तमान अध्यक्ष राजेश शर्मा, सचिव विकास श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष अज्जू अग्रवाल सहित सभी समिति सदस्यों और सहयोगियों के योगदान की प्रशंसा की।

गुलाब कमरो ने ग्राम पंचायत चनवारीडांड के तत्कालीन प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग को भी मंदिर निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन-पूजन कर क्षेत्र की उन्नति, सुख-शांति और जनकल्याण की कामना की।