भखार न्यूज नेटवर्क: एमसीबी जिले के माड़ीसरई क्षेत्र में कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरण दास महंत के प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओं की बैठक के साथ-साथ आम जनता की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर खुलकर नाराजगी जाहिर की।

ग्रामीणों ने बताया कि अचानक आए भारी-भरकम बिजली बिलों ने उनकी आर्थिक स्थिति पर बड़ा असर डाला है, जिससे वे काफी परेशान हैं और जल्द राहत की मांग कर रहे हैं।
जनता की इस गंभीर समस्या को देखते हुए सांसद ने तत्काल “दिशा” बैठक में मुद्दा उठाया और एमसीबी कलेक्टर को सख्त निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष समाधान किया जाए। सांसद के कड़े रुख के बाद प्रशासन भी सक्रिय हो गया है।

कलेक्टर एमसीबी ने बिजली बिलों की जांच के लिए विशेष टीम गठित करने की घोषणा की है। यह टीम जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर हर मामले की बारीकी से जांच करेगी और जरूरत पड़ने पर सुधारात्मक कार्रवाई भी करेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी उपभोक्ता के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

इस पहल की सराहना करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अंकुर प्रताप सिंह ने कहा कि सांसद ज्योत्सना महंत हमेशा जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।