भखार न्यूज नेटवर्क: मनेंद्रगढ़ ग्राम पंचायत परसगढ़ी तिराहे के पास आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य में लगी डी वी प्रोजेक्ट कंपनी के पानी टैंकर और बाइक की टक्कर से हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश और भय का माहौल बन गया है।

इस गंभीर घटना को लेकर कांग्रेस नेताओं ने तत्काल सख्त रुख अपनाया। भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरों के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल थाने पहुंचा और थाना प्रभारी से मुलाकात कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
साथ ही मनेंद्रगढ़ एसडीएम से फोन पर चर्चा कर प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन होगा।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें:
- दोषी वाहन चालक, कंपनी प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल FIR दर्ज हो
- मृतक के परिजनों को उचित व सम्मानजनक मुआवजा दिया जाए
- निर्माण कार्य में लगे वाहनों की सख्त निगरानी सुनिश्चित की जाए

पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा,
“यह हादसा नहीं, लापरवाही से हुई मौत है। कंपनियां नियमों की अनदेखी कर रही हैं और प्रशासन मौन है। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।”
वहीं, मनेंद्रगढ़ विधायक प्रत्याशी रमेश सिंह ने कहा,
“लगातार हो रही घटनाएं बताती हैं कि निगरानी पूरी तरह फेल है। मृतक परिवार को तत्काल न्याय और आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए, नहीं तो कांग्रेस घेराव करेगी।”

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, महामंत्री रफीक मेमन, शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा और ग्रामीण अध्यक्ष रामनरेश पटेल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई और मुआवजा नहीं दिया गया तो थाना और प्रशासनिक कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।