कोरिया/छत्तीसगढ़
भखार न्यूज नेटवर्क: बैकुंठपुर की आदिवासी छात्रा पूजा पैकरा की आत्महत्या मामले में न्याय की मांग को लेकर सोमवार को पुलिस परिवार, सर्व आदिवासी समाज और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने किया। उन्होंने कहा कि जब मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है, तब भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

ज्ञापन में सर्व आदिवासी समाज ने प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें एफआईआर में नामजद सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, IC Mart के कथित अवैध निर्माण की निष्पक्ष जांच, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं सुरक्षा तथा दोषियों को कठोर दंड दिलाने की मांग शामिल है।
गुलाब कमरो ने कहा कि यदि समाज की सुरक्षा का दायित्व निभाने वाले पुलिसकर्मी का अपना परिवार ही न्याय के लिए आंदोलन करने को मजबूर हो जाए, तो यह कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस परिवार की बेटी सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर भी चिंता स्वाभाविक है।

प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने भाजपा नेताओं के संरक्षण मिलने का आरोप भी लगाया। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन या संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि समय पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो समाज लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेगा।

इस अवसर पर सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष विजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह, कंवर समाज के जिलाध्यक्ष मनियार सिंह, आदिवासी कांग्रेस MCB के जिलाध्यक्ष अमोल सिंह, जनपद अध्यक्ष बैकुंठपुर उदय प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल, जनपद सदस्य प्रकाश चंद्र पैकरा, डॉ. आर.एस. चंदे, अमर सिंह, जितेंद्र पैकरा, अविनाश पाठक, सुरेश इक्का सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं नागरिक मौजूद रहे।