भरतपुर/छत्तीसगढ़
भखार न्यूज नेटवर्क: मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले के भरतपुर विकासखंड शिक्षा विभाग द्वारा शाला प्रवेशोत्सव एवं सेवानिवृत्त शिक्षक-कर्मचारियों के सम्मान समारोह के लिए जारी आमंत्रण पत्र अब राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है। कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र में क्षेत्र की सांसद का नाम शामिल नहीं होने पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने तीखी आपत्ति जताई है।

कांग्रेस ने इसे जनप्रतिनिधि की अनदेखी और सरकारी प्रोटोकॉल का खुला उल्लंघन बताते हुए खंड शिक्षा अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी का कहना है कि सांसद का नाम आमंत्रण पत्र से हटाना केवल एक भूल नहीं, बल्कि जानबूझकर किया गया कृत्य प्रतीत होता है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने बयान जारी कर कहा कि “खंड शिक्षा अधिकारी भरतपुर सांसद महोदय को जनप्रतिनिधि मान ही नहीं रहे हैं। यह सीधे-सीधे प्रोटोकॉल का उल्लंघन है। ऐसा करके उन्होंने एक पार्टी विशेष के प्रति अपनी मानसिकता और वफादारी दिखाने का प्रयास किया है।”
कांग्रेस ने आगे कहा कि यह केवल सांसद का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता के जनादेश और सम्मान का अपमान है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में उग्र विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।