जनकपुर/एमसीबी
भखार न्यूज़ नेटवर्क: एमसीबी जिले के प्रसिद्ध रमदहा जलप्रपात में एक बार फिर दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने के दौरान पानी में डूबने से ग्राम पतवाही निवासी 22 वर्षीय सुखलाल सिंह (पिता – पुरन सिंह) की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार सुखलाल अपने परिजनों के साथ बाइक से रमदहा जलप्रपात घूमने गया था। दोपहर करीब 2:00 से 2:30 बजे के बीच वह नहाने के लिए पानी में उतरा, लेकिन गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
रमदहा जलप्रपात में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां कई लोग हादसों का शिकार होकर अपनी जान गंवा चुके हैं। बावजूद इसके सुरक्षा के नाम पर न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग दिखाई देती है, न ही प्रशिक्षित लाइफगार्ड, या निगरानी की प्रभावी व्यवस्था।
प्रशासन से बड़ा सवाल
हर हादसे के बाद सुरक्षा बढ़ाने की बातें होती हैं, लेकिन हालात जस के तस नजर आते हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर कितनी मौतों के बाद प्रशासन जागेगा? और कब रमदहा जलप्रपात में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम किए जाएंगे?
भखार न्यूज़ की अपील है कि पर्यटन स्थलों पर जाने वाले लोग सावधानी बरतें और गहरे पानी में उतरने से बचें। वहीं प्रशासन को भी अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।