एमसीबी/छत्तीसगढ़
भखार न्यूज नेटवर्क: मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के भरतपुर विकासखंड में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 12 एवं 13 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। जनपद पंचायत भरतपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जारी कार्यालयीन आदेश में प्रतियोगिताओं के आयोजन और स्थलों का निर्धारण किया गया है।

प्रतियोगिताएं भरतपुर स्थित स्टेडियम और जनकपुर के नवीन महाविद्यालय में आयोजित होंगी। इनमें कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, फुटबॉल, रस्साकशी, कुश्ती, कराटे, तीरंदाजी और हॉकी सहित विभिन्न खेल शामिल हैं।
भरतपुर स्टेडियम में होंगे मुकाबले
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 अक्टूबर को भरतपुर स्टेडियम में कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स और वॉलीबॉल की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, जनकपुर के नवीन महाविद्यालय में बैडमिंटन प्रतियोगिता होगी।
13 अक्टूबर को भरतपुर में बास्केटबॉल, फुटबॉल, रस्साकशी, कुश्ती और कराटे के मुकाबले होंगे। जनकपुर में तीरंदाजी और हॉकी की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
13 अक्टूबर को होगा पुरस्कार वितरण
आदेश के अनुसार, 13 अक्टूबर को स्टेडियम, भरतपुर में सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस आयोजन से क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और ग्रामीण अंचलों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।