चौकी नागपुर/छत्तीसगढ़
ओड़िशा से मध्यप्रदेश जा रहा था करोड़ों का गांजा, NH-43 पर पुलिस की सख्त नाकेबंदी ने खोला तस्करी का राज
भखार न्यूज नेटवर्क: मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर MCB जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी नागपुर, थाना पोड़ी पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 क्विंटल 19 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दो पिकअप वाहनों समेत कुल 4 करोड़ 69 लाख 50 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा एवं पुलिस अधीक्षक MCB रत्ना सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी अभियान के तहत चौकी नागपुर पुलिस द्वारा NH-43 हाईवे पर MCB लगाकर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध पिकअप वाहनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहनों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
करोड़ों का माल बरामद

पुलिस ने दोनों वाहनों से कुल 09 क्विंटल 19 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹4 करोड़ 59 लाख 50 हजार बताई गई है। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त दोनों पिकअप वाहनों की अनुमानित कीमत करीब ₹10 लाख है।
कुल जब्त मशरूका — ₹4 करोड़ 69 लाख 50 हजार।

पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहन क्रमांक OD 14 AL 9682 और OD 14 AA 3468 को भी जब्त कर लिया है।
ओड़िशा से मध्यप्रदेश तक फैला तस्करी का रास्ता
प्रारंभिक पूछताछ और विवेचना में सामने आया है कि गांजा ओड़िशा से मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था। मामले में पुलिस अब केवल गांजा जब्ती और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे तस्करी नेटवर्क की End-to-End विवेचना कर रही है।
पुलिस की अलग-अलग टीमें गांजा के स्रोत, सप्लायर, परिवहनकर्ता और अंतिम गंतव्य की जानकारी जुटाने में लगी हैं। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
6 आरोपी गिरफ्तार
इस कार्रवाई में पुलिस ने अनिल टोप्पो, राजित इंद्रवार, विनय टेटे, अरुप मिर्धा, अलबिरनी और सुनीता को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में ओड़िशा के सुंदरगढ़ क्षेत्र के चार आरोपी तथा मध्यप्रदेश के कटनी जिले के दो आरोपी शामिल हैं।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 147/2026 के तहत धारा 20(b), 2(C) NDPS एक्ट में कार्रवाई की है।
तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचेगी पुलिस?
इतनी बड़ी मात्रा में गांजा पकड़े जाने के बाद अब पुलिस की जांच का फोकस गांजा कहां से आया, किसने सप्लाई किया, इसे कौन-कौन परिवहन कर रहा था और मध्यप्रदेश में इसकी डिलीवरी किसे होनी थी, इन सवालों पर है।
पुलिस का कहना है कि प्रकरण की End-to-End विवेचना जारी है और मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी नागपुर शेषनारायण सिंह, ASI रामकृपाल सिंह, संजय पांडे सहित अन्य पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
MCB पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।