भखार न्यूज नेटवर्क: नगर पंचायत जनकपुर में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा बनाई जा रही मुख्य सड़क का निर्माण कार्य बेहद सुस्त गति से चल रहा है। आधे-अधूरे निर्माण के चलते इलाके में धूल का गुबार फैल रहा है जिससे आमजन परेशान हैं। लोगों को धूल से खांसी, एलर्जी, आंखों में जलन और फेफड़ों में संक्रमण जैसी गंभीर समस्याएं हो रही हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पिछले तीन महीनों से ठेकेदार द्वारा सड़क पर पानी का छिड़काव तक नहीं किया गया, जिससे हालात और बिगड़ गए हैं।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भरतपुर ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए 3 दिनों के भीतर डामरीकरण कार्य शुरू करने की चेतावनी दी है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भरतपुर के अध्यक्ष अंकुर प्रताप सिंह ने बताया कि 13 फरवरी को पीडब्ल्यूडी के तकनीकी अधिकारी विनोद साहू ने व्हाट्सएप पर तीन दिनों में काम शुरू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ है।
यदि आगामी तीन दिनों में कार्य प्रारंभ नहीं होता है, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने PWD विभाग का घेराव करने की चेतावनी दी है।