गरीब बेटियों के सम्मान से बड़ा खिलवाड़!’चांदी’ के नाम पर गिल्ट मंगलसूत्र, कलेक्टर की जांच में जिला कार्यक्रम अधिकारी दोषी-भखार न्यूज


मनेंद्रगढ़/छत्तीसगढ़ 

भखार न्यूज़ नेटवर्क |छत्तीसगढ़ शासन की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में वितरित किए गए मंगलसूत्रों को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। कलेक्टर द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट में शिकायत को प्रथम दृष्टया सही माना गया है तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी पर वित्तीय नियमों के उल्लंघन और प्रक्रियागत लापरवाही के गंभीर निष्कर्ष दर्ज किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, खड़गवां के चनवारीडांड स्थित महामाया मंदिर परिसर में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में नवविवाहित महिलाओं को दिए गए मंगलसूत्र चांदी के बजाय कथित तौर पर गिल्ट (अन्य धातु) के पाए गए। इस संबंध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरभ मिश्रा द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की।

जांच प्रतिवेदन के अनुसार, खरीदी प्रक्रिया में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। रिपोर्ट में उल्लेख है कि कोटेशन प्राप्त करने के बावजूद क्रय समिति की विधिवत स्वीकृति और हस्ताक्षर नहीं लिए गए। सामग्री का भौतिक सत्यापन भी नहीं कराया गया तथा भुगतान से पहले आवश्यक प्रशासनिक और वित्तीय अनुमोदन की प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। जांच में यह भी उल्लेख किया गया कि क्रय समिति ने चांदी के मंगलसूत्र देने की अनुशंसा की थी, लेकिन कथित तौर पर दूसरी धातु के मंगलसूत्र खरीदे और वितरित किए गए।

विभाग की ओर से यह दावा किया गया था कि गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर प्रति मंगलसूत्र ₹1,000 की कटौती कर संबंधित वधुओं के बैंक खातों में राशि जमा कराई गई। हालांकि जांच रिपोर्ट के सामने आने के बाद इस दावे पर भी सवाल उठ रहे हैं।

WhatsApp Group Join Now
Instagram Group Join Now

इस मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रेस वार्ता कर जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की और महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालनालय द्वारा पूर्व में जारी क्लीन चिट पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि संचालनालय की प्रेस विज्ञप्ति और कलेक्टर की जांच रिपोर्ट में स्पष्ट विरोधाभास है।

कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने जांच प्रतिवेदन को आगे की विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव को भेज दिया है। जांच रिपोर्ट में जिला कार्यक्रम अधिकारी आदित्य शर्मा को वित्तीय नियमों के उल्लंघन और प्रक्रियागत लापरवाही का दोषी बताया गया है।

अब इस पूरे मामले में शासन स्तर पर होने वाली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। वहीं कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।


Avatar

Phone: 919424248344 Email: contact.bhakarnews@gmail.com

Leave a Comment