भखार न्यूज़ नेटवर्क: मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के भरतपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत फुलझर के आश्रित ग्राम सनबोरा (ददरा पारा) में स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाए गए शौचालयों में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि स्थाई समिति की सभापति सुखमंती सिंह ने निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विशेष पिछड़ी जनजाति के कई परिवारों के लिए बनाए गए शौचालय घटिया निर्माण के कारण उपयोग के योग्य नहीं हैं। आरोप है कि कई शौचालयों में दरवाजे नहीं हैं, पानी की व्यवस्था नहीं है और निर्माण मानकों का पालन नहीं किया गया। इसके चलते ग्रामीण आज भी खुले में शौच करने को मजबूर हैं।
सुखमंती सिंह का कहना है कि मौके पर शौचालय उपयोग लायक नहीं हैं, जबकि सरकारी अभिलेखों में कार्य पूर्ण दिखाकर पूरी राशि का भुगतान कर दिया गया है। उन्होंने इसे सरकारी योजनाओं में गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार का मामला बताया है।
प्रमुख मांगें

- – पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराई जाए।
- – दोषी ठेकेदार, इंजीनियर और संबंधित अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
- – प्रभावित परिवारों के लिए मानक गुणवत्ता वाले नए शौचालय बनवाए जाएं।
- – विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को सभी सरकारी योजनाओं का प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिया जाए।
सुखमंती सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई और प्रभावित परिवारों को न्याय नहीं मिला, तो जनजातीय समाज के साथ आंदोलन किया जाएगा।
फिलहाल इस मामले में जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर समाचार को अपडेट किया जाएगा।