एमसीबी/मनेंद्रगढ़
भखार न्यूज नेटवर्क: मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में प्रस्तावित जिला पंचायत भवन के भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद सियासत तेज हो गई है। कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा दिए गए बयान पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कड़ा पलटवार किया है।
मंत्री जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा था कि “कांग्रेस ने केवल कागजों में जिला बनाया और आईटीआई में प्रभारी कलेक्टर बैठाकर चले गए।” इस बयान को लेकर गुलाब कमरो ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “भ्रामक और झूठ पर आधारित” बताया।
कमरो ने कहा कि “मंत्री जी और कितना झूठ बोलेंगे? जिले की जनता सच्चाई जानती है कि वर्षों पुरानी मांग को कांग्रेस सरकार ने ही पूरा किया था।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले के गठन के बाद प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी तरह स्थापित की गई थीं। उनके अनुसार, कांग्रेस सरकार के दौरान कलेक्टर के रूप में पी.एस. ध्रुव और नरेंद्र दुग्गा जैसे अधिकारी पदस्थ रहे, जबकि पुलिस अधीक्षक के रूप में टी.आर. कोशिमा, सिद्धार्थ तिवारी और चंद्र मोहन सिंह ने अपनी सेवाएं दीं। अन्य विभागों की भी विधिवत स्थापना की गई थी, जिससे जिला सुचारू रूप से संचालित हो रहा था।
कमरो ने यह भी कहा कि शुरुआती समय में कोरिया जिले से कुछ अधिकारियों को प्रभार देना एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया होती है, जिससे नए जिले का संचालन सुचारू रूप से हो सके।
इसके साथ ही उन्होंने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि “जब 15 वर्षों तक रमन सिंह की सरकार रही, तब नया जिला क्यों नहीं बनाया गया?”
मेडिकल कॉलेज के मुद्दे पर भी उन्होंने मंत्री को घेरते हुए कहा कि इसकी घोषणा और बजट प्रावधान भी कांग्रेस सरकार के समय ही किए गए थे।
अंत में कमरो ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता कांग्रेस सरकार द्वारा स्वीकृत कार्यों का भूमि पूजन कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं।