मनरेगा बचाओ संग्राम: बैकुंठपुर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, आमसभा व कलेक्टर कार्यालय का घेराव


केंद्र–राज्य सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने का आरोप, मजदूर-किसानों के हक की लड़ाई तेज

बैकुंठपुर (कोरिया) / छत्तीसगढ़ 

भखार न्यूज नेटवर्क: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर चल रहे “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान के तहत आज जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया के तत्वावधान में जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में कांग्रेस पार्टी द्वारा धरना-प्रदर्शन, आमसभा एवं कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक शामिल हुए।

धरना प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने, मजदूरों को समय पर काम व मजदूरी न देने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को तोड़ने का गंभीर आरोप लगाया।

जेपी श्रीवास्तव का बड़ा बयान

WhatsApp Group Join Now
Instagram Group Join Now

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मनरेगा प्रभारी जेपी श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा सरकार ने महात्मा गांधी के नाम के साथ-साथ मनरेगा की आत्मा भी बदल दी है।

उन्होंने कहा, “पहले ग्रामसभा के माध्यम से गांवों की जरूरत के अनुसार काम मिलता था, अब सब कुछ केंद्र से तय हो रहा है। सरकार के पास न बजट है, न काम। मजदूरों के साथ खुला छल किया जा रहा है।”

गुलाब कमरो: मनरेगा गरीबों की जीवनरेखा

पूर्व विधायक एवं मनरेगा बचाओ संग्राम प्रभारी कोरिया गुलाब कमरो ने कहा,

“मनरेगा सिर्फ योजना नहीं, गरीब, किसान और मजदूर के जीवन की गारंटी है। भाजपा सरकार योजनाबद्ध तरीके से इसे खत्म करना चाहती है। न काम मिल रहा है, न समय पर मजदूरी। कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ आंदोलन और तेज करेगी।”

अंबिका सिंहदेव का हमला

पूर्व विधायक  अंबिका सिंहदेव ने कहा,

“मनरेगा ने गांवों को रोजगार, सम्मान और आत्मनिर्भरता दी थी, लेकिन आज सरकार की उदासीनता के कारण मजदूर पलायन को मजबूर हैं। कांग्रेस सड़क से सदन तक गरीबों की आवाज बनेगी।”

जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता का आरोप

जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा,

“कोरिया जिले सहित पूरे प्रदेश में मनरेगा की स्थिति बदतर है। मजदूरी महीनों से लंबित है। भाजपा सरकार उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है और गरीबों की योजनाओं पर ताले लगाए जा रहे हैं।”

नजीर अजहर: नीयत में खोट

पूर्व जिलाध्यक्ष नजीर अजहर ने कहा,

“मनरेगा में भ्रष्टाचार नहीं, सरकार की नीयत में खोट है। सरकार चाहती तो हर हाथ को काम और हर मजदूर को समय पर भुगतान मिल सकता था। भाजपा जनता को जाति-धर्म में बांटने का काम कर रही है।”

कलेक्टर कार्यालय घेराव, ज्ञापन सौंपा

धरना व आमसभा के पश्चात कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर मनरेगा से जुड़ी मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से अनुपम फिलिप, जिला पंचायत अध्यक्ष यवत सिंह, वरिष्ठ कांग्रेसी योगेश शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कलावती मरकाम, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष वेदांती तिवारी, पूर्व नपा अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, सांसद प्रतिनिधि अविनाश पाठक, अजीत लकड़ा, आशीष डबरे, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, NSUI सहित कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठों के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Avatar

Phone: 919424248344 Email: contact.bhakarnews@gmail.com

Leave a Comment