मनेंद्रगढ़/भरतपुर
भखार न्यूज़ नेटवर्क: मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर
जिले में एग्रीस्टेक पोर्टल में तकनीकी खराबी के चलते हजारों किसान पंजीयन से वंचित रह गए हैं, जिसके कारण किसानों को धान विक्रय में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सहकारी समितियों के कर्मचारियों के आंदोलन के कारण किसानों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

जानकारी के अनुसार, धान खरीदी केंद्र माड़ी सरई सहकारी समिति में करीब 138 किसानों का पंजीयन एग्रीस्टेक पोर्टल में खराबी के कारण नहीं हो पाया है। इसके चलते किसान धान बेचने को लेकर चिंतित हैं। साथ ही, जिले के कई किसानों को गेहूं, चना और सरसों की बुवाई के लिए आवश्यक खाद-बीज नहीं मिल पा रहा है।
इसी मुद्दे पर आम आदमी पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य (कृषि स्थायी समिति-सभापति) सुखमंती सिंह ने प्रदेश सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि—
एग्रीस्टेक पोर्टल की समस्या और सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल से किसान बुरी तरह प्रभावित हैं। सरकार को चाहिए कि किसानों का पंजीयन जल्द से जल्द पूरा कराया जाए और कर्मचारियों की जायज मांगें मानकर हड़ताल समाप्त कराई जाए ताकि खरीदी कार्य सुचारू रूप से शुरू हो सके।”

उन्होंने आगे कहा कि कई शासकीय पट्टाधारी एवं वन अधिकार पट्टा प्राप्त किसानों का एग्रीस्टेक अपडेट नहीं हो पाया है, जिससे वे भी धान विक्रय से वंचित रह सकते हैं। सुखमंती सिंह ने यह भी सुझाव दिया कि किसानों की खरीदी की राशि को-ऑपरेटिव बैंक की बजाय सीधे उनके व्यक्तिगत बैंक खातों में भेजी जाए, जिससे अनावश्यक भीड़ और देरी से राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपते समय आम आदमी पार्टी के कोरबा लोकसभा अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा, विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार अहिरवार, कुंवारपुर ब्लॉक अध्यक्ष रज्जू सिंह, वरिष्ठ कार्यकर्ता मनमोहन सांधे, नंदा सिंह (सरपंच), घूरसेन अहिरवार, दुर्गा सहित कई साथी उपस्थित रहे।