कोरिया/छत्तीसगढ़
भखार न्यूज नेटवर्क: पूर्व विधायक भरतपुर-सोनहत गुलाब कमरो ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र लिखकर व्याख्याता हजारी लाल चक्रधारी के नियम विरुद्ध संलग्नीकरण को तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
मामला व्याख्याता हजारी लाल चक्रधारी को उनके मूल पदस्थापन स्थल से संलग्न कर प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सोनहत के पद का प्रभार सौंपे जाने से जुड़ा है। पूर्व विधायक ने पत्र में बताया है कि संयुक्त संचालक, सरगुजा संभाग के आदेश के तहत उन्हें मूल पदस्थापन स्थल से संलग्न करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सोनहत के प्रशासनिक दायित्व का प्रभार दिया गया है।

गुलाब कमरो ने अपने पत्र में शासन की 23 जून 2026 को आयोजित समीक्षा बैठक तथा लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी निर्देशों का हवाला देते हुए कहा है कि शिक्षकों, सहायक शिक्षकों एवं व्याख्याताओं को उनके मूल शैक्षणिक दायित्व से हटाकर गैर-शैक्षणिक कार्यों में संलग्न नहीं किया जाना है।
उन्होंने कहा कि व्याख्याता को अध्यापन कार्य से हटाकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालयीन एवं प्रशासनिक कार्यों का प्रभार दिए जाने से शासन के निर्देशों की भावना प्रभावित होती है। साथ ही संबंधित विद्यालय में विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित होने की संभावना है।
पूर्व विधायक ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव से मांग की है कि व्याख्याता हजारी लाल चक्रधारी का संलग्नीकरण तत्काल निरस्त करते हुए उन्हें उनके मूल पदस्थापन स्थल पर वापस भेजकर अध्यापन कार्य के लिए आदेशित किया जाए।
पत्र की प्रतिलिपि लोक शिक्षण संचालनालय, नया रायपुर एवं संयुक्त संचालक शिक्षा, सरगुजा संभाग को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित की गई है।