एमसीबी/जनकपुर
भखार न्यूज नेटवर्क: नौनिहालों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के लिए संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था विकासखंड भरतपुर में सवालों के घेरे में आ गई है। आरोप है कि क्षेत्र के कई आंगनबाड़ी केंद्र शासन के निर्धारित नियमों और समय के अनुसार संचालित होने के बजाय कार्यकर्ताओं की मनमर्जी से खुलते और बंद होते हैं। कहीं केंद्र समय पर नहीं खुलने की शिकायत है तो कहीं केंद्रों में ताले लटके रहने की बात सामने आ रही है।

स्थानीय स्तर पर मिली शिकायतों के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्र चंदेला, पटपरटोला तथा मिनी आंगनबाड़ी केंद्र जमथान घोघरा पारा में केंद्र बंद रहने की शिकायत सामने आई है। इन शिकायतों ने महिला एवं बाल विकास विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि छोटे बच्चों के लिए संचालित केंद्र ही नियमित रूप से नहीं खुलेंगे, तो शासन की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद हितग्राहियों तक कैसे पहुंचेगा?

बच्चों के पोषण और शिक्षा पर पड़ सकता है असर
आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों को बैठाने की जगह नहीं, बल्कि उनके पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा की महत्वपूर्ण व्यवस्था हैं। यहां बच्चों को पोषण आहार, खेल-खेल में शिक्षा तथा स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। साथ ही गर्भवती महिलाओं और माताओं को भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभ दिया जाता है।

लेकिन केंद्रों के अनियमित संचालन और बंद रहने की शिकायतें यदि सही हैं, तो इसका सीधा असर बच्चों और अन्य हितग्राहियों को मिलने वाली सुविधाओं पर पड़ सकता है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर जिन केंद्रों पर शासन लाखों रुपये खर्च कर रहा है, वहां नियमित संचालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी है?
विभागीय निगरानी पर सवाल, औचक निरीक्षण की मांग
स्थानीय लोगों का सवाल है कि क्या महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को इन केंद्रों की वास्तविक स्थिति की जानकारी है? क्या नियमित निरीक्षण केवल कागजों तक सीमित है, या फिर धरातल पर भी केंद्रों के संचालन की जांच की जा रही है?
लोगों ने संबंधित अधिकारियों से चंदेला, पटपरटोला और जमथान घोघरा पारा के आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति सामने लाने तथा शिकायत सही पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि महिला एवं बाल विकास विभाग इन शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेता है और नौनिहालों के भविष्य से जुड़े इस मामले में जिम्मेदारों पर कार्रवाई होती है या फिर आंगनबाड़ी केंद्रों की मनमानी व्यवस्था यूं ही जारी रहती है।