केल्हारी/एमसीबी
भखार न्यूज नेटवर्क: जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर केल्हारी में आयोजित कार्यक्रम को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम के मंच पर जिला पंचायत सदस्य अनिता सिंह की नाराजगी सामने आने के बाद पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने साय सरकार पर निशाना साधते हुए जनप्रतिनिधियों के अपमान और आदिवासी अधिकारों की उपेक्षा का आरोप लगाया है।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में जनजातीय गौरव दिवस जैसे आयोजनों में जनता के वोटों से चुनकर आए जनप्रतिनिधियों को सम्मान देने के बजाय उनकी उपेक्षा की जा रही है। केल्हारी में जिला पंचायत सदस्य अनिता सिंह की नाराजगी को उन्होंने इसी व्यवस्था का उदाहरण बताते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
कमरो ने कहा कि आदिवासी महापुरुषों के नाम पर कार्यक्रम आयोजित करना, लेकिन उन्हीं समुदायों से आने वाले जनप्रतिनिधियों को सम्मान न देना सरकार की दोहरी नीति को उजागर करता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के अपमान और आदिवासी अधिकारों की उपेक्षा के खिलाफ कड़ा विरोध जताया।
उन्होंने कहा कि जनता के वोटों से निर्वाचित प्रतिनिधियों का सम्मान लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी जरूरत है। आदिवासी समाज के गौरव और सम्मान के नाम पर आयोजन करने वाली सरकार को मंच पर मौजूद आदिवासी जनप्रतिनिधियों के सम्मान का भी ध्यान रखना चाहिए।
‘आदिवासी महापुरुषों के नाम पर आयोजन, आदिवासी जनप्रतिनिधियों का अपमान बर्दाश्त नहीं!’
गुलाब कमरो ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आदिवासी समाज के सम्मान, अधिकार और जनप्रतिनिधियों की गरिमा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।