भखार न्यूज नेटवर्क: मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में कलेक्टर कार्यालय के भूमिपूजन और विकास कार्यों के श्रेय को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि
“स्वास्थ्य मंत्री जी, चश्मे की जरूरत आपको है, मुझे नहीं।”
गुलाब कमरो ने कहा कि अगर कांग्रेस सरकार ने मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिला नहीं बनाया होता, तो आज भाजपा सरकार कलेक्टर कार्यालय के भूमिपूजन का श्रेय लेने की स्थिति में भी नहीं होती। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदेश में भाजपा की सरकार 15 वर्षों तक रही और उस दौरान श्याम बिहारी जायसवाल विधायक भी रहे, फिर तब MCB जिला क्यों नहीं बनाया गया और कलेक्टर कार्यालय का भूमिपूजन क्यों नहीं हुआ?

पूर्व विधायक ने भरतपुर क्षेत्र में प्रस्तावित सड़कों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि इन सड़कों को राज्य सरकार की उपलब्धि बताना उचित नहीं है, क्योंकि इनके लिए क्षेत्र की सांसद एवं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के लगातार प्रयास रहे हैं।
कमरो ने कहा, “जनता सब देख रही है—जिला कांग्रेस ने बनाया, सड़कें सांसद के प्रयास से आ रही हैं और श्रेय लेने भाजपा मैदान में उतर गई है।”
“5 किलोमीटर और नहीं आ सकते क्या?” बयान पर भी हमला
गुलाब कमरो ने दूरस्थ वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों और आदिवासी परिवारों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री के कथित बयान “इतना दूर आ सकते हैं तो 5 किलोमीटर और नहीं आ सकते क्या?” पर भी कड़ी आपत्ति जताई।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के पास संसाधनों की कमी होती है। ऐसे में उनकी मजबूरियों को समझने के बजाय इस तरह की टिप्पणी करना मंत्री पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है।
कमरो ने कहा कि यह बयान साधन-विहीन ग्रामीणों और आदिवासी परिवारों की समस्याओं का मजाक उड़ाने जैसा है और इससे उन लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं, जिन्हें शासन से सहानुभूति और सुविधा की उम्मीद होती है।
MCB में विकास कार्यों के श्रेय, जिला निर्माण और ग्रामीणों की सुविधाओं को लेकर भाजपा-कांग्रेस के बीच सियासी तकरार अब और तेज होती नजर आ रही है।