एमसीबी/छत्तीसगढ़
भखार न्यूज नेटवर्क: एमसीबी जिले की तीनों जनपद पंचायतों के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों में भवन/मकान कर के रूप में 1200 रुपए वार्षिक यानी 100 रुपए प्रतिमाह वसूली किए जाने की बात सामने आने के बाद सियासत गरमा गई है। इस व्यवस्था को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
अब घर पर भी ‘टैक्स’ का बोझ! ₹1200 सालाना
बताया जा रहा है कि जिला पंचायत द्वारा जारी निर्देश के अनुसार तीनों जनपद पंचायतों के सभी ग्राम पंचायत क्षेत्रों में भवन/मकान कर की वसूली की जानी है। साथ ही, वसूली नहीं होने की स्थिति में संबंधित पंचायत सचिवों के वेतन रोकने और अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दिए जाने की बात भी कही जा रही है।इस मुद्दे पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने सवाल उठाते हुए कहा
“क्या डबल इंजन सरकार अब महंगाई और बढ़े हुए बिजली बिल के बाद ग्रामीणों से संपत्ति कर वसूलकर उनकी जेब पर एक और हमला करने जा रही है?”
उन्होंने कहा कि ग्रामीण जनता पहले से ही महंगाई, बिजली बिल और बेरोजगारी की मार झेल रही है। ऐसे समय में यदि ग्रामीण परिवारों पर नया कर लगाया जाता है, तो इससे उनकी आर्थिक परेशानी और बढ़ेगी।
गुलाब कमरो ने भाजपा सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को जनता को राहत देने की दिशा में काम करना चाहिए, न कि ग्रामीणों पर नए-नए आर्थिक बोझ डालने चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि गांव का गरीब, किसान, मजदूर और राशन कार्डधारी परिवार आखिर कब तक बढ़ते खर्च और नए करों का बोझ उठाएगा?
पूर्व विधायक ने कहा कि “महंगाई की मार, ऊपर से नया कर! ग्रामीण जनता पर आर्थिक प्रहार बंद करो।”