सोशल मीडिया की खबर का बड़ा असर: पूर्व विधायक गुलाब कमरो की पहल पर भालू पीड़िता प्रेमबाई को घर बैठे मिला 55% विकलांगता प्रमाण पत्र


एमसीबी/चिडोला 

भखार न्यूज नेटवर्क: एमसीबी जिले के ग्राम चिडोला निवासी प्रेमबाई गोंड, जो भालू के हमले में अपनी एक आंख गंवा चुकी थीं, लंबे समय से विकलांगता प्रमाण पत्र बनवाने के लिए परेशान थीं। सोशल मीडिया में उनकी समस्या से जुड़ी खबर सामने आने के बाद मामला पूर्व विधायक गुलाब कमरो तक पहुंचा। जानकारी मिलते ही उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से चर्चा की और पीड़िता को जल्द राहत दिलाने का भरोसा दिया।

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भरतपुर के अध्यक्ष अंकुर प्रताप सिंह के माध्यम से पीड़िता प्रेमबाई से बात कराई। इसके बाद उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अविनाश खरे से तत्काल चर्चा कर विकलांगता प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की। मामले को संज्ञान में लेते हुए सीएमएचओ कार्यालय ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।

 

WhatsApp Group Join Now
Instagram Group Join Now

बुधवार 20 मई को जिला मेडिकल बोर्ड की विशेष टीम सीधे ग्राम चिडोला स्थित प्रेमबाई गोंड के घर पहुंची। टीम ने मौके पर ही स्वास्थ्य परीक्षण कर प्रेमबाई का 55 प्रतिशत विकलांगता प्रमाण पत्र जारी किया। सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे द्वारा जारी आदेश क्रमांक 2254/स्था0/2026 के तहत मनेन्द्रगढ़ के 220 बिस्तर सिविल अस्पताल से पांच सदस्यीय टीम गांव भेजी गई थी।

 

विशेष टीम में अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश जायसवाल, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. विनीत विश्वकर्मा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. भासिता साहू, नेत्र सहायक अधिकारी आर. डी. दिवान तथा वाहन चालक अजेन्द्र शामिल रहे। टीम ने घर पर ही सभी आवश्यक परीक्षण और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करते हुए प्रमाण पत्र तैयार किया।

 

जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया में पीड़िता की परेशानी और मेडिकल बोर्ड की लापरवाही से जुड़ी खबर सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ। पूर्व विधायक गुलाब कमरो और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अंकुर प्रताप सिंह की पहल के बाद विभाग ने मामले को प्राथमिकता देते हुए विशेष आदेश जारी किया।

 

55 प्रतिशत विकलांगता प्रमाण पत्र जारी होने के बाद अब प्रेमबाई गोंड को वन विभाग की सहायता राशि, पेंशन तथा अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है। ग्रामीणों और परिजनों ने पूर्व विधायक गुलाब कमरो, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अंकुर प्रताप सिंह तथा सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे का आभार जताते हुए इसे संवेदनशील प्रशासन की मिसाल बताया है।


Avatar

Phone: 919424248344 Email: contact.bhakarnews@gmail.com

Leave a Comment