जनकपुर/रायपुर
भखार न्यूज नेटवर्क: एमसीबी जिले के विकासखंड भरतपुर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में पदस्थ शिक्षिका खुशबू राय को राजधानी रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक रत्न सम्मान सह शैक्षणिक संप्रवाह 2025-26 कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।

यह सम्मान उन्हें शासकीय विद्यालय में नवाचारी गतिविधियों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण और रोचक शिक्षण, छात्र-केंद्रित पद्धतियों का प्रभावी उपयोग, सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।
खुशबू राय द्वारा कक्षा में किए गए नवाचार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में बेहद प्रभावी साबित हो रहे हैं। उनके प्रयासों से बच्चों की पढ़ाई में रुचि बढ़ी है और सीखने का वातावरण और भी आकर्षक बना है।

यह कार्यक्रम नवाचारी गतिविधियों समूह भारत द्वारा रायपुर स्थित स्वामी आत्मानंद प्रो. जे.एन. पांडे उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया गया, जिसमें राज्यभर से करीब 160 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए शिक्षकों को अपने नवाचार साझा करने का अवसर भी मिला।
खुशबू राय की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
वहीं खुशबू राय ने अपनी सफलता का श्रेय अपने विद्यालय के बच्चों को देते हुए कहा कि बच्चों का लगाव और समर्पण ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है।