पूर्व विधायक गुलाब कमरो की शिकायत और विधायक कविता प्राण लहरे के ध्यानाकर्षण के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग की बड़ी कार्रवाई।
मनेंद्रगढ़/छत्तीसगढ़
भखार न्यूज नेटवर्क: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत एमसीबी जिले में वर्ष 2024-25 में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला अब विधानसभा तक पहुंचने के बाद गंभीर हो गया है। विधानसभा में मुद्दा उठने के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने मामले में विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभम बंसल के खिलाफ उच्च स्तरीय शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं, विधायक कविता प्राण लहरे ने विधानसभा में इस मामले पर ध्यानाकर्षण सूचना प्रस्तुत की। इसके बाद विभाग ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी।
विधानसभा में प्रस्तुत विभागीय प्रतिवेदन के अनुसार, वर्ष 2024-25 में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में लगभग 21 लाख रुपये की सामग्री खरीदी एवं अन्य व्ययों में कथित अनियमितताओं की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत मिलने पर महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालनालय ने कलेक्टर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) से विस्तृत जांच कर प्रतिवेदन मांगा था।
कलेक्टर द्वारा जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किए जाने के बाद विभाग ने तत्कालीन जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा। विभाग का कहना है कि प्राप्त जवाब एवं उपलब्ध कराए गए दस्तावेज संतोषजनक नहीं पाए गए। इसके बाद मामले में विधिवत विभागीय जांच संस्थित (आरंभ) कर दी गई है।
विभागीय टीप में स्पष्ट किया गया है कि जांच पूरी होने के बाद यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से जुड़े इस मामले के विधानसभा तक पहुंचने और विभागीय जांच शुरू होने के बाद जिले में एक बार फिर इस प्रकरण की चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और दोषियों के खिलाफ होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।