एमसीबी/मनेंद्रगढ़
भखार न्यूज नेटवर्क: छत्तीसगढ़ में वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस ने अब गांवों में जनसंपर्क तेज कर दिया है। इसी कड़ी में ग्राम मुसरा में जन चौपाल का आयोजन किया गया, जहां पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने वोट चोरी की आशंकाओं, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर गंभीर सवाल उठाए।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित इस जन चौपाल में ग्रामीणों को कांग्रेस की प्रमुख मांगों से अवगत कराया गया। इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रहे।

जन चौपाल को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि मतदाता सूची में नामों में बदलाव, गलत प्रविष्टियां और व्यक्ति के नाम की जगह गांव या स्थान का नाम दर्ज होने जैसी कथित विसंगतियां लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत आम नागरिक का वोट है। यदि मतदाता सूची में गड़बड़ी के कारण किसी पात्र व्यक्ति का नाम कट जाता है या गलत जानकारी दर्ज होती है, तो वह अपने मताधिकार से वंचित हो सकता है। इसलिए मतदाता सूची का शुद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष होना बेहद जरूरी है।
ग्रामीणों से की मतदाता सूची जांचने की अपील

पूर्व विधायक कमरो ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपनी मतदाता सूची में नाम और अन्य जानकारियों की जांच करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या गड़बड़ी सामने आती है तो तत्काल निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष आपत्ति दर्ज कराएं, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित न हो।
इस अवसर पर जिला महामंत्री रफीक मेमन, ब्लॉक अध्यक्ष ग्रामीण रामनरेश पटेल, मंडल अध्यक्ष आनंद राय, सुनील राय, रामकुमार, बाबूराम, संदीप, उर्मिला सिंह, जयराम, सोनू गुप्ता, रामप्यारे, राजकुमार, सुनील, मो. सिराज, आदित्य राय, अजय कुमार सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।