12 साल के मासूम की मौत के निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने सौंपा ज्ञापन,पुलिस को 7 दिन का अल्टीमेटम.!


एमसीबी/जनकपुर

भखार न्यूज नेटवर्क: मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय नाबालिग बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। मासूम का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने के बाद क्षेत्र में पहले से ही सनसनी फैली हुई है। वहीं, अब गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक मनेन्द्रगढ़ के नाम थाना प्रभारी जनकपुर के माध्यम से लिखित आवेदन सौंपा है।

मौत को लेकर कई गंभीर सवाल, हर पहलू से जांच की मांग

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा दिए गए आवेदन में मृतक बच्चे के साथ किसी प्रकार के दुर्व्यवहार या यौन शोषण की आशंका को लेकर जांच कराने की मांग की गई है। आवेदन में यह भी सवाल उठाया गया है कि कहीं बच्चे ने किसी व्यक्ति को किसी संदिग्ध परिस्थिति में तो नहीं देख लिया था, जिसके बाद उसे धमकाया गया हो और इसी दबाव में उसने ऐसा कदम उठाया हो।

WhatsApp Group Join Now
Instagram Group Join Now

इसके अलावा आवेदन में मृतक के हाथों की हथेली मुड़ी हुई होने का उल्लेख करते हुए फांसी की परिस्थितियों की बारीकी से जांच कराने की मांग की गई है। पार्टी ने सवाल उठाया है कि यदि बच्चे ने स्वयं फांसी लगाई थी तो इसके पीछे आखिर क्या कारण था? पुलिस को इस पहलू का भी खुलासा करना चाहिए।

कुछ लोगों की गतिविधियों पर संदेह, पूछताछ की मांग

आवेदन में घटनास्थल पर जांच के दौरान कुछ लोगों की कथित संदिग्ध गतिविधियों का भी उल्लेख किया गया है। पार्टी ने ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनसे गंभीरता और निष्पक्षता के साथ पूछताछ करने की मांग की है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्य सामने आ सकें।

7 दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की सात दिवस के भीतर निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन में चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय में उचित कार्रवाई नहीं होती है तो पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

अब सबसे बड़ा सवाल—मासूम की मौत के पीछे आखिर क्या है असली वजह?

यह मामला केवल एक नाबालिग बच्चे की मौत तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि परिवार और क्षेत्र के लोगों के मन में भी कई सवाल खड़े कर रहा है। हालांकि, आवेदन में उठाए गए सभी बिंदु फिलहाल जांच की मांग और आशंकाएं हैं, जिनकी पुष्टि पुलिस जांच एवं फॉरेंसिक साक्ष्यों से ही हो सकेगी।

अब देखना होगा कि पुलिस इन गंभीर बिंदुओं को जांच में शामिल करती है या नहीं और मासूम की मौत की असली वजह कब तक सामने आ पाती है।


Avatar

Phone: 919424248344 Email: contact.bhakarnews@gmail.com

Leave a Comment