मनेंद्रगढ़/एमसीबी,
भखार न्यूज नेटवर्क: आदिवासी विकास विभाग द्वारा छात्रावास एवं आश्रम अधीक्षकों को दिए गए अतिरिक्त प्रभार को लेकर आम आदमी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य सुखमंती सिंह ने शुक्रवार को एमसीबी कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े को ज्ञापन सौंपते हुए विभागीय आदेशों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

सुखमंती सिंह के साथ आम आदमी पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि 15 जुलाई 2026 को जारी अतिरिक्त प्रभार संबंधी आदेश नियमों और शासन के निर्देशों के विपरीत हैं। उनका कहना है कि स्थानीय पात्र शिक्षकों एवं नियमित अधीक्षकों की अनदेखी कर दूरस्थ शिक्षकों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया, जिससे पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
AAP की प्रमुख मांगें
- – अतिरिक्त प्रभार आदेशों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
- – जारी सभी प्रभार आदेशों की समीक्षा की जाए।
- – अनियमितता पाए जाने पर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
- – भविष्य में अतिरिक्त प्रभार देते समय स्थानीय एवं पात्र कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाए।
सुखमंती सिंह ने कहा कि “आदिवासी बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि नियमों के विरुद्ध कार्य हुआ है तो उसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आम आदमी पार्टी आंदोलन करने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।”