भखार न्यूज नेटवर्क: भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक ने प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दो बार एमसीबी जिले का दौरा कर चुके हैं, लेकिन जिले को अब तक कोई बड़ी सौगात या महत्वपूर्ण घोषणा नहीं मिली। इसे उन्होंने क्षेत्र की जनता के साथ सीधा अन्याय और उपेक्षा बताया।
पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री जहां भी “भेंट-मुलाकात” कार्यक्रम में जाते थे, वहां करोड़ों के विकास कार्यों की घोषणाएं होती थीं, जिनका लाभ आज भी जनता को मिल रहा है।
गुलाब कमरो ने कहा कि एमसीबी जिले का निर्माण, मेडिकल कॉलेज, बड़े पुल-पुलिया, सड़कें, स्कूल, कॉलेज, छात्रावास और अस्पताल कांग्रेस सरकार की देन हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासनकाल में दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों तक विकास पहुंचा।
“करोड़ों खर्च कर सिर्फ प्रचार किया जा रहा”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास के बजाय प्रचार और झूठी वाहवाही लूटने में लगी हुई है। प्रधानमंत्री की सादगी और फिजूलखर्ची रोकने की अपील के बावजूद भारी-भरकम सरकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
“सच बोलने का इनाम नोटिस?”

गुलाब कमरो ने “सुशासन तिहार” पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार अपने ही पदाधिकारियों की आवाज दबा रही है। उन्होंने दावा किया कि सोनहत क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री के सामने समस्याएं रखने पर उसे कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया।
उन्होंने सवाल उठाया —
“क्या सच बोलने का इनाम नोटिस देना है?”
“क्या यही सुशासन है?”
पूर्व विधायक ने कहा कि जब सरकार अपने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बात सुनने को तैयार नहीं है, तो आम जनता की समस्याओं का समाधान कैसे होगा?
एमसीबी और भरतपुर-सोनहत की जनता को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है… जनता इसका जवाब समय आने पर जरूर देगी!