एमसीबी /जनकपुर
भखार न्यूज छत्तीसगढ़: एमसीबी जिले के जनकपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान एक गर्भवती महिला के साथ कथित अमानवीय व्यवहार के मामले में प्रशासन ने आखिरकार संज्ञान ले लिया है। यह मामला तब सुर्खियों में आया जब भखार न्यूज ने इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला नम्रता सिंह ने आरोप लगाया था कि डिलीवरी के दौरान अस्पताल स्टाफ द्वारा उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। मामले के सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
5 सदस्यीय जांच समिति का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल 5 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। यह समिति पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच करेगी और दोषियों की जिम्मेदारी तय करेगी।
समिति में शामिल अधिकारी:
सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक
- एसडीएम भरतपुर
- स्त्री रोग विशेषज्ञ
- अस्थि रोग विशेषज्ञ
- सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी
7 दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने जांच समिति को 7 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के सामने आने के बाद जनकपुर सहित पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों में आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।