एमसीबी/भरतपुर
भखार न्यूज नेटवर्क: एमसीबी जिले के भरतपुर क्षेत्र में हाथियों के आतंक ने गरीब आदिवासी परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पार्क परिक्षेत्र जनकपुर के थोड़गी गांव के हथवारी पारा में हाथियों ने तीन मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया और फसलों को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।

आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद भी प्रभावित परिवारों तक प्रशासन और वन विभाग की पर्याप्त मदद नहीं पहुंची है। पार्टी ने स्थानीय विधायक की सक्रियता पर भी सवाल उठाते हुए पूछा है कि संकट की इस घड़ी में क्षेत्र की जनता के बीच उनकी मौजूदगी कहां है?

AAP की प्रदेश उपाध्यक्ष सुखमंती सिंह, कोरबा लोकसभा अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा और मीडिया प्रभारी मनमोहन सांधे ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और स्थिति का जायजा लिया। नेताओं ने वन विभाग के अधिकारियों से टेलीफोन पर चर्चा कर प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की।
AAP नेताओं ने मांग की है कि पीड़ित परिवारों को तिरपाल, राशन, वैकल्पिक रहने की व्यवस्था और फसल क्षति का मुआवजा जल्द उपलब्ध कराया जाए।
पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर राहत और मुआवजे की व्यवस्था नहीं की गई, तो आम आदमी पार्टी वन विभाग और कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करेगी।
इधर, भरतपुर क्षेत्र में हाथियों की लगातार मौजूदगी के बीच ग्रामीणों की सुरक्षा और प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने को लेकर प्रशासन के सामने भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
अब बड़ा सवाल—हाथियों के कहर के बीच बेघर हुए इन परिवारों तक राहत कब पहुंचेगी और क्षेत्र की विधायक इस पूरे मामले पर कब सामने आएंगी?